कलेक्टर श्री रोशन कुमार सिंह ने श्री कालभैरव मंदिर में किया निरीक्षण, दर्शन मार्ग, पार्किंग,पेयजल एवं निर्गम व्यवस्था बेहतर बनाने के दिये निर्देश
उज्जैन। सिंहस्थ 2028 के दृष्टिगत श्री कालभैरव मंदिर में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन, बेहतर आवागमन, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्री कालभैरव महालोक निर्माण की तैयारियां प्रारंभ की जा रही है। कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने श्री कालभैरव मंदिर पहुंचकर मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के दर्शन मार्ग पर चूरी डाली जाए, ताकि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के पैरों में पत्थर न चुभें और उन्हें आवागमन में असुविधा न हो। उन्होंने मंदिर के आंतरिक एवं बाहरी परिसर में दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए पर्याप्त एवं स्पष्ट साइनेज लगाने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि मंदिर क्षेत्र में निर्माण कार्य प्रारंभ होने के कारण श्रद्धालुओं के आवागमन के मार्गों में परिवर्तन किया जाएगा। ऐसे में साइनेज पर मार्ग परिवर्तन की जानकारी स्पष्ट एवं प्रमुखता से प्रदर्शित की जाए, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और वे आसानी से निर्धारित दर्शन मार्ग तक पहुंच सकें। उन्होंने श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था के लिए लगे जीकजेक के स्थल का लेवलिंग कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।

निरीक्षण के दौरान मंदिर के बाहरी परिसर में स्थित शासकीय दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण को तत्काल मौके से हटवाया गया। कलेक्टर श्री सिंह ने श्री कालभैरव मंदिर के पीछे की ओर निर्माणाधीन निर्गम मार्ग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए निर्गम मार्ग को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि दर्शन के उपरांत श्रद्धालुओं को सुविधाजनक एवं व्यवस्थित तरीके से मंदिर परिसर से बाहर निकाला जा सके। मंदिर के बाहरी परिसर में पाइपलाइन फूटी होने पर कलेक्टर श्री सिंह ने नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल पाइपलाइन दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर क्षेत्र में निर्माण एवं विकास कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था प्रभावित न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री प्रथम कौशिक, एसडीएम श्री एल.एन. गर्ग सहित उज्जैन विकास प्राधिकरण के अधिकारी एवं इंजीनियर उपस्थित रहे।
